बलरामपुर : ग्रामीणों तक न्याय और योजनाओं की सीधी पहुंच पर फोकस, सीएससी नेटवर्क को मजबूत करने पर मंथन
बलरामपुर, 22 जनवरी । जिला पंचायत सभाकक्ष में कॉमन सर्विस सेंटर के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्व-सहायता समूहों, बैंक सखी और सीएससी वीएलई की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर टेली लॉ योजना, को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच को और व्यापक बनाना रहा।
कार्यक्रम में सीएससी राज्य प्रमुख जयनारायण पटेल ने कहा कि टेली लॉ योजना उन नागरिकों के लिए एक सशक्त माध्यम है, जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से कानूनी सलाह तक नहीं पहुंच पाते। इस योजना के जरिए भूमि विवाद, पारिवारिक मसले, श्रम संबंधी समस्याएं, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में विशेषज्ञ अधिवक्ताओं से निःशुल्क परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने वीएलई को निर्देशित किया कि वे ग्राम पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक पात्र लोगों को इस योजना से जोड़ें और लक्ष्य के अनुरूप पंजीयन सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सीएससी केवल सेवा केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीणों के लिए एक भरोसेमंद सहायता मंच है। आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, श्रम कार्ड, पेंशन, बीमा, बैंकिंग और विभिन्न ई-गवर्नेंस सेवाओं के माध्यम से ग्रामीण जीवन को सरल बनाने में सीएससी की भूमिका लगातार बढ़ रही है।
राज्य स्तर पर विभिन्न सेवाओं के बेहतर संचालन के लिए नोडल संपर्क बिंदुओं की जानकारी साझा की गई, ताकि वीएलई को तकनीकी या प्रक्रियागत अड़चनों का त्वरित समाधान मिल सके। साथ ही बीसी सखी और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, डिजिटल लेन-देन और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के प्रचार में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वीएलई और समूह सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए और जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। सीएससी टीम ने समाधानात्मक सुझाव देते हुए सभी से समन्वय और पारदर्शिता के साथ काम करने की अपील की, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक बिना बाधा पहुंच सके।









