मुख्यमंत्री ने संगम विहार में 115 करोड़ और देवली में 104 करोड़ की परियोजनाओं का किया शुभारंभ
नई दिल्ली, 25 जनवरी । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को संगम विहार विधानसभा में 115 करोड़ और देवली विधानसभा में 104 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने साेशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह उन सवालों का जवाब है, जो संगम विहार वर्षों से पूछता रहा कि हमारी बारी कब आएगी? उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने संगम विहार को टूटी सड़कें, ओवरफ्लो करता सीवर, गंदा पानी और झूठे वादे दिए लेकिन अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार संगम विहार के लिए लिया गया हर संकल्प पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 115 करोड़ की राशि से संगम विहार विधानसभा में सड़कों का व्यापक सुधार, मजबूत सीवर और ड्रेनेज सिस्टम तैयार, पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ और स्ट्रीट लाइट, गलियां और नालियां सुधारी जाएंगी। सरकार क्षेत्र के लाखों लोगों का जीवन सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने देवली विधानसभा में 104 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इस बजट से मजबूत सीवर और ड्रेनेज सिस्टम, नई सड़कों का निर्माण, पेयजल पाइपलाइन का विस्तार, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और नए स्वास्थ्य-सामुदायिक केंद्रों का निर्माण होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता जिन सुविधाओं का वर्षों से इंतजार कर रही थी, वे अब संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ रही हैं। इस अवसर पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक एवं ग्राम विकास बोर्ड के चेयरमैन राजकुमार चौहान, निगम पार्षद अनिता सिंघल उपस्थित रही।









