यमुनानगर:अनिल विज बोले—गणतंत्र दिवस लोकतंत्र की ताकत, विकास और संकल्प का प्रतीक
यमुनानगर, 26 जनवरी । 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने यमुनानगर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर भव्य परेड की सलामी ली। सोमवार को कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने पुलिस लाइन स्थित शहीदी स्मारक पर पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, शहीद परिवार, बुजुर्ग, महिलाएं, युवा, बच्चे, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल, एनसीसी, एनएसएस, विद्यार्थी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मंत्री अनिल विज ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए 21 लाख रुपये की राशि देने और 27 जनवरी को अवकाश घोषित करने की घोषणा की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। 26 जनवरी 1950 को लागू हुए भारतीय संविधान ने देश को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की मजबूत नींव प्रदान की।
उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर, संविधान सभा के सदस्यों सहित महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल और सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विज्ञान, तकनीक, रक्षा और वैश्विक मंच पर अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। चंद्रयान-3 मिशन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कर भारत ने विश्व में अपनी वैज्ञानिक क्षमता सिद्ध की है। अंत में उन्होंने सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सुधार, जल संरक्षण और ऊर्जा क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नागरिकों से संविधान के मूल्यों को अपनाकर सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।









