action-illegal-sand-mining

अवैध रेत उत्खनन व परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, दो हाईवा वाहन जप्त

जांजगीर-चांपा, 22 जनवरी । जांजगीर-चांपा पुलिस एवं खनिज विभाग ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आज दो हाईवा वाहनों को जप्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

थाना नवागढ़ पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने नवापारा, केवा रेत घाट क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए रेत से भरे दो हाईवा वाहनों को मौके पर पकड़ा। दोनों वाहनों को तत्काल जप्त कर लिया गया है। प्रकरण में संबंधित वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध गौड़ खनिज अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत इस्तगाशा तैयार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश सेंडे, थाना प्रभारी नवागढ़ तथा खनिज विभाग की टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस एवं प्रशासन की इस संयुक्त पहल से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।