खरगोनः कलेक्टर ने की जिला जल व स्वच्छता मिशन के कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के उन सभी ग्रामों की एक-एक कर समीक्षा की जहां पानी की समस्या बनी हुई है, वहां कुओं का निर्माण फरवरी माह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिये, ताकि ग्रामीणों को समय रहते स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। इस दौरान उन्होंने जो भी कार्य पूर्ण हो चुके उन कार्यों को शीघ्र हैंडओवर करने और हैंडओवर कार्यों को प्रमाणित कराने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। ग्रामवार समीक्षा के दौरान अतिरिक्त नलकूप की आवश्यकता वाले स्थानों पर प्राथमिकता से कार्य कराने के निर्देश दिए। सभी जनपद सीईओ को फरवरी माह के अंत तक सभी कार्य हैंडओवर कर पूर्ण करने को कहा गया। साथ ही 100 प्रतिशत पीने वाले कुओं पर मुंडेर बनवाकर जाली लगाने कहा गया।
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में कुल 778 योजनाओं में से 690 पूर्ण एवं 86 प्रगतिरत हैं। इसके अंतर्गत बड़वाह जनपद में कुल 169 योजनाओं में से 147 पूर्ण हो चुकी हैं एवं 22 प्रगतिरत हैं, महेश्वर में 120 योजनाओं में 97 पूर्ण एवं 23 प्रगतिरत, भीकनगांव में 93 योजनाएं जो सभी पूर्ण है, झिरन्या में 111 योजनाओं में 87 पूर्ण एवं 24 प्रगतिरत है, कसरावद में 106 योजनाओं में 104 पूर्ण एवं 2 प्रगतिरत, खरगोन में 31 योजनाओं में 30 पूर्ण है, भगवानपुरा में 88 योजनाओं में 75 पूर्ण एवं 13 प्रगतिरत, सेगांव में 22 योजनाएं सभी पूर्ण एवं गोगांवा जनपद में 38 योजनाओं में 35 पूर्ण एवं 2 प्रगतिरत हैं।
कलेक्टर ने जिला वाटरशेड विकास सलाहकर समिति की बैठक
कलेक्टर भव्या मित्तल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला वाटरशेड विकास सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद सीईओ के हाई कोर्ट लंबित प्रकरणों एवं वृंदावन ग्राम योजना के स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि जो सब इंजीनियर कार्य नहीं कर रहे, उन पर सख्त कार्यवाही की जाए और लेबर बजट में मस्टर जारी किये जाए।
कलेक्टर ने कहा कि खेत तालाब अंतर्गत जितने तालाबों का वित्तीय कार्य हुआ है, उतने कार्यों का भौतिक कार्य भी पूर्ण किया जाए। उन्होंने अगले माह तक जल गंगा संवर्धन के सभी कार्य समाप्त करने एवं पेमेंट से पूर्व फोटो लेकर क्रॉस वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी जनपद सीईओ को खेत तालाबों का दैनिक समीक्षा करने एवं जनवरी माह तक 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया। जिस भी सब इंजीनियर का कार्य जनवरी अंत तक संतुष्टिपूर्ण नहीं रहेगा, उनके विरूद्ध सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी। सभी सब इंजीनियरों को मस्टर जारी कर प्रतिदिन कार्य करवाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन योजना के तहत डगवेल रिचार्ज कार्य 15 जनवरी तक 100 प्रतिशत पूर्ण करने निर्देश दिए है।
ई-अटेंडेंस लगाना अनिवार्य, नहीं लगाने पर माना जाएगा अनुपस्थित
कलेक्टर भव्या मित्तल ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक में एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर चाइल्ड प्रोफाइल अपडेट न करने वाले संकुल प्राचार्यों पर नाराजगी जाहिर की। इस दौरान उन्होंने सभी संकुल प्राचार्यों को निर्देश दिए कि जिन स्कूलों में छात्रवृत्ति फॉर्म अपडेट नहीं हैं, उन्हें कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित ई-दक्ष केंद्र में बुलाकर स्वयं एंट्री करवाएं। साथ ही वर्ष 2025-26 की छात्रवृत्ति स्वीकृति की भी समीक्षा की।
कलेक्टरने बड़वाह बीईओ को अपने संकुल प्राचार्यों की समीक्षा न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 जनवरी 2026 तक सभी पेंडेंसी पूर्ण समाप्त हो जाए। कलेक्टर ने सख्त चेतावनी दी कि ई-अटेंडेंस का कड़ाई से पालन किया जाए। इसमें सुधार न होने पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं एसी ट्राइबल का वेतन रोकने की कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ई-अटेंडेंस के आधार पर ही वेतन भुगतान किया जाएगा, अन्यथा उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा।









