ramdas-athwale-hopes-to-get-national-status-for-rp

आरपीआई को जल्द ही मिलेगा राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा : रामदास आठवले

आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने आज यहां आयोजित पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी को जल्द ही राष्ट्रीय राजनीतिक दल का दर्जा मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि आरपीआई को नागालैंड में हुए विधानसभा चुनाव में दो सीटें जीतने और मणिपुर राज्य में बेहतर प्रदर्शन के कारण पहले ही राज्य स्तरीय दल का दर्जा मिल चुका है।

आठवले ने कहा कि अरूणाचल प्रदेश में इसी महीने पार्टी की कार्यकारिणी का गठन हो चुका है। उन्होंने ने कहा कि सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में संगठन पहले से ही सक्रिय है और आरपीआई को और सशक्त करने के लिए पार्टी 2 करोड़ नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने के लिए देशव्यापी सदस्यता अभियान चलाएगी। उन्होंने कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का आह्वान किया कि अपने प्रदेश, अपने जिले,अपने क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं के लिए समाधान के लिए आरपीआई के नेतृत्व में सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़कर आमजन का विश्वास जीतें व संगठन को सशक्त बनाने में प्रतिभागी बनें।

आठवले ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत पर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार के उज्ज्वल भविष्य और प्रगति के नए अध्याय की शुरुआत पर हार्दिक बधाई दी और आरोप लगाया कि सभी विपक्षी दल औऱ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) व आरक्षण के नाम पर गलत बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी के सिद्धांतों को वृहद सदस्यता अभियान के माध्यम से देश के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए बैठक में भागीदार रहे राज्यों के अध्यक्ष एवं प्रदेशों के प्रभारियों के साथ गहन विचार विमर्श किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य वृहद सदस्यता अभियान में सक्रियता से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और बाबासाहेब के सपनों को साकार करने में जुटी आरपीआई को मजबूत करने में अपना प्रभावी रूप से योगदान दें।

इस अवसर पर आरपीआई के अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आरपीआई अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति सहित समाज के सभी वंचित वर्गों के न्याय के लिए अपना संघर्ष एवं समर्पण निरन्तर ज़ारी रखेगी।

आठवले ने कहा कि विगत 11 वर्षो में राजग की सरकार ने सभी वर्गों को न्याय देने का काम किया है। किसान, मजदूर, दलित, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के उत्थान के लिए देश के प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का ही परिणाम है कि पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।