pure-water-will-reach-every-house-in-bareilly-in-t

बरेली के हर घर तक पहुंचेगा शुद्ध जल

वर्तमान में नगर निगम की अनुमानित आबादी करीब 11.44 लाख है और घरों की संख्या करीब 1.90 लाख। इनमें से केवल 93,194 घरों तक ही जल कनेक्शन पहुंच पाया है। यानी लगभग आधी आबादी अब भी समुचित जलापूर्ति से वंचित है। अमृत 2.0 योजना से शहर में पेयजल संतृप्तीकरण 51 फीसदी से बढ़कर 92 फीसदी तक पहुंच जाएगा। 40 से अधिक वार्डों में वर्षों से चली आ रही आंशिक जलापूर्ति की समस्या समाप्त होने की उम्मीद है।

जल निगम द्वारा तैयार डीपीआर के मुताबिक फेस-1 में 19 नए ओवरहेड टैंक, 37 नलकूप, 302.36 किमी वितरण पाइपलाइन, 19.47 किमी राइजिंग मेन और 76,465 नए गृह संयोजन शामिल हैं। इसके साथ ही ग्राउंड वाटर रिचार्ज संरचनाएं भी बनाई जाएंगी। शहर के 34 पूर्णतः असंतृप्त और 21 आंशिक असंतृप्त वार्डों को पहली बार निर्बाध पेयजल मिलेगा। योजना के अनुसार नए कनेक्शन पर 130 रुपये मासिक टैरिफ प्रस्तावित है, जिसे आने वाले वर्षों में चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा।

डीएम ने कहा कि यह परियोजना बरेली के लिए ऐतिहासिक बदलाव का कारण बनेगी। जल निगम को दो साल में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि असंतृप्त क्षेत्रों में भूमि उपलब्ध होते ही निर्माण तेजी से शुरू कराया जाएगा ताकि नागरिकों को वर्षों पुरानी पेयजल किल्लत से राहत मिल सके।