नक्सल प्रभावित कोड़नार में नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप खोला गया
नवीन कैंप खुलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना है। ग्राम कोड़नार जिला मुख्यालय नारायणपुर से लगभग 50 किलोमीटर, थाना कोहकामेटा से 22 किलोमीटर, कच्चापाल से 13 किलोमीटर तथा कुतुल से 6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। कैंप की स्थापना से वरकुर, टेहनार, धुरबेडा, बसुटपारा, परपा, कोडतामरका सहित आसपास के गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी और अन्य मूलभूत सुविधाओं मे विस्तार होगा। नारायणपुर पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं।
कुतुल के साथ-साथ कोडलियर, बेडमाकोटी, पदमकोट, कान्दुलपार, नेलांगूर, पांगूड, रायनार, एडजुम, ईदवाया, आदेर, कुड़मेल, कोंगे, सितरम, तोके, जाटलूर, धोबे, डोडीमरका, पदमेटा, लंका, परियादी और अब कोड़नार में कैंप खुल चुके हैं। इस अभियान में बस्तर आईजी सुन्दराज पी., पुलिस उप महानिरीक्षक कांकेर रेंज कांकेर अमित कांबले, उप महानिरीक्षक आईटीबीपी संजीव कुमार तथा पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रोबिनसन गुरिया के मार्गदर्शन में नारायणपुर डीआरजी, बस्तर फाइटर और आईटीबीपी की विभिन्न वाहिनियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन का मानना है कि कोड़नार में स्थापित यह नवीन कैंप अबूझमाड़ को नक्सलमुक्त कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक मजबूत आधार साबित होगा।









