mp-major-agitation-by-farmers-and-laborers-at-khal

मप्रः खलघाट टोलनाका पर आज किसानों- मजदूरों का बड़ा आंदोलन

किसान मजदूर महासंघ के प्रांतीय संगठन मंत्री गोपाल पाटीदार ने बताया कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और इसका उद्देश्य किसानों की वास्तविक समस्याओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचना है। संगठन की मांग है कि मक्का, सोयाबीन, कपास को सरकारी के पूर्व की योजना अनुसार खरीदा जाए। संपूर्ण किसानों को ऋण मुक्त किया जाए एवं एमएसपी की गारंटी का कानून बनाया जाए। गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाए। केंद्र सरकार अपनी आयात निर्यात नीति देश के किसान के हित में बनाए। दलहन, कपास, प्याज का निर्यात खोला जाए।

संगठन का कहना है कि आज भी मालवा-निमाड़ का किसान उपज का उचित मूल्य न मिलने, मौसम की अनिश्चितता और कर्ज के दबाव से जूझ रहा है। ऐसे में यह आंदोलन किसानों की भविष्य की सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा।

किसान आंदोलन को लेकर पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरीधार जिले के खलघाट क्षेत्र में प्रस्तावित किसान आंदोलन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-52 (आगरा–मुंबई मार्ग) पर भारी और मध्यम वाहनों के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी आंदोलन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जारी की गई है। इसके अनसार, आज खलघाट में किसी भी बड़े वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी और निगरानी बढ़ाई जाएगी। यात्रियों और वाहन चालकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और केवल आवश्यक यात्रा करने की अपील की गई है।

इन मार्गों को किया परिवर्तितइंदौर से बड़वानी, महाराष्ट्र और आगे की ओर जाने वाले भारी वाहनों को खलघाट की दिशा में जाने से रोका जाएगा। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा ताकि खलघाट क्षेत्र पर दबाव न बढ़े। इसी तरह, इंदौर से महाराष्ट्र जाने वाले वाहनों को काकड़दा चौकी से महेश्वर रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। इंदौर मानपुर गुजरी से बड़वानी और महाराष्ट्र की ओर से आने वाले मध्यम और भारी मालवाहक/यात्री वाहनों को धामनोद फाटा (मधुबन होटल के सामने से) से धामनोद कस्बा होते हुए महेश्वर की ओर मोड़ा जाएगा। इंदौर ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए भी डायवर्जन तय किए गए हैं। भीचोली फाटा, इंदौर से बड़वानी/महाराष्ट्र की ओर जाने वाले मध्यम और चार पहिया वाहनों को भीचोली फाटा से महू-मंडलेश्वर रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।

मानपुर से बड़वानी/महाराष्ट्र जाने वाले वाहनों को मानपुर से लेबड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन मांगोद-मनावर अथवा राजगढ़-कुक्षी होते हुए बड़वानी जा सकेंगे। काकड़दा चौकी से आने वाले समस्त मध्यम और चार पहिया वाहनों को महेश्वर रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन गड़ी होते हुए महेश्वर, मंडलेश्वर, कसरावद और बड़वानी जा सकेंगे। इधर, महेश्वर से धामनोद की तरफ समस्त प्रकार के वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। इन वाहनों को कसरावद अथवा अन्य मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इन सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य खलघाट की तरफ बढ़ने वाली गाड़ियों की संख्या को नियंत्रित करना और किसी भी तरह की भीड़भाड़ से बचना है।