चाईबासा रेलवे स्टेशन के 101 वर्ष पूरे होने पर शताब्दी महोत्सव आयोजित
महोत्सव को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि चाईबासा रेलवे स्टेशन ने अपने 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं, यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह रेलवे लाइन देश के लिए महत्वपूर्ण है और इससे भारत सरकार को अच्छा राजस्व मिलता है, लेकिन इसका अपेक्षित लाभ स्थानीय जनता को नहीं मिल पा रहा है, जो दुखद है।
उन्होंने कहा कि यदि रेलवे चौथी लाइन के लिए जमीन की मांग करता है तो राज्य सरकार सहयोग करने को तैयार है, लेकिन इसके बदले स्थानीय लोगों की तीन पीढ़ियों को रोजगार देने का ठोस आश्वासन होना चाहिए।
डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि यह दिन रेलवे और चाईबासा शहर दोनों के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि चाईबासा स्टेशन का कायाकल्प जल्द होने वाला है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। चौथी रेल लाइन की तैयारी भी चल रही है, जिससे ट्रेनों के आवागमन में और सुविधा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर यात्रियों को जो परेशानी हो रही है, उसमें भी जल्द सुधार किया जाएगा।
शताब्दी महोत्सव के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में काफी संख्या में रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक उपस्थित थे।









