gram-sabhavillage-assembly

राष्ट्रीय पेसा दिवस पर बनबगौद में हुई ग्रामसभा, वीबी-जी राम जी योजना की दी गई जानकारी

ग्रामसभा को संबोधित करते हुए तारण प्रकाश सिन्हा ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत अधिकांश कार्य पूरे किए जा चुके हैं। शासन के संकल्प के अनुरूप वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए मनरेगा को उन्नत कर वीबी-जी राम जी योजना प्रारंभ की गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत अब 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि पूर्व में मनरेगा के तहत 100 दिवस का रोजगार दिया जाता था। इससे हितग्राहियों को 25 दिवस का अतिरिक्त रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि जहां पहले मनरेगा के कार्य मानवीय संसाधनों के आधार पर किए जाते थे, वहीं अब वीबी-जी राम जी योजना के तहत गांवों का विकास सैटेलाइट तकनीक के माध्यम से सुनियोजित और व्यवस्थित ढंग से किया जाएगा। योजना के अंतर्गत जल जीवन मिशन से संबंधित पेयजल आपूर्ति की मरम्मत एवं रखरखाव, जल संरक्षण कार्य, स्कूलों की व्यवस्था में सुधार, मंगल भवन निर्माण, आजीविका से जुड़े कार्य, लखपति दीदियों के लिए आवास, खेती-किसानी से संबंधित कार्य, डबरी निर्माण सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि योजना के तहत कार्य करने वाले श्रमिकों को सात दिवस के भीतर मजदूरी का भुगतान किया जाएगा। साथ ही वर्ष के दो माह योजना के अंतर्गत कार्य नहीं किए जाएंगे, जिससे खेती-किसानी के समय ग्रामीणों को पर्याप्त मजदूर उपलब्ध हो सकें। ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामसभा के माध्यम से ग्रामीण स्वयं गांव के विकास की योजना तैयार करेंगे, जिसे शासन द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा। इसमें आजीविका से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

तारण प्रकाश सिन्हा ने ग्रामीणों से ग्रामसभा में सक्रिय सहभागिता करने और योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने लखपति दीदियों से चर्चा कर उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। ग्रामसभा के दौरान सरपंच, उप सरपंच एवं पेसा अध्यक्ष को वीबी-जी राम जी योजना की प्रति भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में उप संचालक पंचायत नकुल वर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नगरी रोहित बोरझा, सहायक परियोजना अधिकारी धरम सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।