दिल्ली मेट्रो की बड़ी उपलब्धिः ईस्ट विनोद नगर मेट्रो स्टेशन को मिला ‘बेस्ट परफॉर्मिंग यूनिट अवॉर्ड’
डीएमआरसी से मिली जानकारी के अनुसार बिजली मंत्रालय के अधीन ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) ने देशभर के विभिन्न मेट्रो रेल नेटवर्क से प्राप्त आवेदनों का व्यापक मूल्यांकन करने के बाद ईस्ट विनोद नगर मेट्रो स्टेशन का चयन किया। बीते तीन वित्तीय वर्षों में स्टेशन ने बिजली की कुल खपत और एनर्जी परफॉर्मेंस इंडेक्स में लगातार और उल्लेखनीय कमी दर्ज की है।
सौर ऊर्जा से पूरी हो रही 49 प्रतिशत जरूरत
डीएमआरसी की तरफ से बताया गया है कि ऊर्जा संरक्षण के तहत स्टेशन पर 405 पारंपरिक ट्यूबलाइट फिटिंग को एलईडी लाइट्स से बदला गया है। इसके अलावा स्टेशन पर 150 किलोवाट पीक क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट लगाया गया है, जिससे स्टेशन की कुल ऊर्जा जरूरत का करीब 49 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा किया जा रहा है। इससे ग्रिड से ली जाने वाली बिजली पर निर्भरता में बड़ी कमी आई है। इसके अलावा ईस्ट विनोद नगर मेट्रो स्टेशन को भारतीय उद्योग परिसंघ के तहत इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल की ओर से ‘प्लेटिनम’ रेटिंग भी मिल चुकी है। यह स्टेशन की पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डीएमआरसी की तरफ से कहा गया है कि यह सम्मान ऊर्जा खपत घटाने, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और पर्यावरण के अनुकूल शहरी परिवहन को प्रोत्साहित करने की दिशा में उसके निरंतर प्रयासों की पहचान है।
——-









