नगर पंचायत ने सब्जी की दुकान हटाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया

बिजनौर,29 दिसम्बर । जिले के बाजार कलां में कुंजड़ो वाली मस्जिद के पास काफी समय से कुछ लोग सब्जी की दुकान लगा कर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किए हुए थे। सोमवार को मण्डावर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामश्रय ने पुलिस टीम को साथ लेकर पंचायत कर्मचारियों की मदद से अवैध रूप से लगी सब्जी की दुकानों को हटाकर सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त कराया है।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामश्रय ने बताया कि इस काफी समय से नगर पंचायत उन्हें नोटिस भेजकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दे रही थी। लेकिन अवैध कब्जेधारी अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं थे, जिस कारण यह अतिक्रमण नगर पंचायत के लिए चुनौती बना था और जनता परेशान थी। प्रशासन ने अमीर अहमद उर्फ मीरू और भूरा का अतिक्रमण पहले ही हटवाकर आरसीसी डलवाया गया था। मस्जिद के दक्षिण में खाली पड़ी सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटवा कर उक्त भूमि को संरक्षित उस पर भी आरसीसी डलवाना है।

उन्होंने बताया कि इस सरकारी जमीन पर शमशाद और आदिल को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। शमशाद ने अपना अवैध कब्जा हटा लिया, फिर अबरार ने उसी जगह पर अपनी सब्जी की दुकान लगा ली। आदिल और अबरार को नगर पंचायत कई बार मौखिक और लिखित नोटिस भेजा, लेकिन दोनों चुपचाप रहें।

इसके बाद नगर पंचायत ने लेखपाल और कानूनगों से सरकारी जमीन की पैमाईश कराई। उनकी रिपोर्ट के बाद ईओ रामश्रय ने थानाध्यक्ष को अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही में पुलिस टीम भेजने के लिए पत्र लिखा। जिसके बाद आज नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी रामश्रय पुलिस टीम को साथ लेकर अपने कर्मचारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे उन्होंने पुलिस टीम की मौजूदगी में नगर पंचायत कर्मियों द्वारा सब्जी की दुकानों के अतिक्रमण को हटवाया। यह चेतावनी भी जारी की है कि अगर दोबारा अतिक्रमण हुआ तो सख्त कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।