वाराणसी: चेयरमैन रेलवे बोर्ड एवं मुख्य कार्यकारी ने वाराणसी जंक्शन का किया निरीक्षण

वाराणसी, 07 नवम्बर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत के लिए वाराणसी आए चेयरमैन रेलवे बोर्ड एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने शुक्रवार की शाम वाराणसी जंक्शन (कैंट) रेलवे स्टेशन का दौरा कर वहां चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन के चरणबद्ध पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, सुरक्षा तथा सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायज़ा लिया। चेयरमैन ने रेलवे अधिकारियों को अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा स्वच्छता एवं पुनर्चक्रण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

इसके बाद सतीश कुमार ने प्रस्तावित रोप-वे स्टेशन का भी निरीक्षण किया और वाराणसी जंक्शन से रोप-वे स्टेशन तक जाने वाले मार्ग का अवलोकन किया। उन्होंने यात्री आवाजाही की सुगमता, यातायात प्रबंधन और आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, रेलवे कॉलोनी, कार्यालय भवनों, प्लेटफॉर्म, ओवरब्रिज तथा ए.सी. वेटिंग हॉल का भी भ्रमण किया।

चेयरमैन ने इस दौरान कहा कि वाराणसी जंक्शन देश के सबसे महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक है और इसके पुनर्विकास में पारंपरिक संस्कृति तथा आधुनिक तकनीक का समुचित समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ प्रदान करना है।

इस अवसर पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित रेलवे मुख्यालय और लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।