हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, मैदानों में ठंडी हवाएं, पारा लुढ़का

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बदले मौसम के बीच रोहतांग दर्रा सहित मनाली की ऊंची चोटियों पर भी बर्फ गिरी। रोहतांग पहुंचे पर्यटकों ने बर्फबारी के बीच खूब मस्ती की। मनाली शहर में हल्की ठंडक बढ़ी और आसमान में बादल छाए रहे। राजधानी शिमला में भी बुधवार को बादलों के बीच हल्की धूप खिली।

बीती रात कई जगह तेज अंधड़ भी चला। मैदानी जिलों हमीरपुर और बिलासपुर में हवा की रफ्तार करीब 37 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

मौसम विभाग के अनुसार आज लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा के ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और मध्यवर्ती व निचले इलाकों जैसे हमीरपुर, मंडी, बिलासपुर व कांगड़ा में हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है।

हिमपात के बाद लाहौल-स्पीति जिले में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -2.2 डिग्री, ताबो में -1.8 डिग्री और केलंग में -0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य क्षेत्रों में भी ठंड में तेजी आई है। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री, नारकंडा में 5.4, मनाली में 6.9, कुफ़री में 6.3 और शिमला में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य के अन्य हिस्सों में भी पारा गिरा है। सुंदरनगर में 12.7, भुंतर में 11.3, धर्मशाला में 13.8, ऊना में 15.5, नाहन में 12.6, पालमपुर में 10, सोलन में 11, मंडी में 13.3, कांगड़ा में 13.6, जुब्बड़हट्टी में 13.2, हमीरपुर में 14.1, रिकांगपिओ में 7, भरमौर में 7.9, सराहन में 10 और देहरा गोपीपुर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मैदानी क्षेत्रों बिलासपुर, मंडी और सुंदरनगर में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया, जिससे दृश्यता प्रभावित रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज पहाड़ों पर बर्फबारी व मैदानी इलाकों में वर्षा के आसार हैं। 6 नवम्बर से 11 नवम्बर तक प्रदेश भर में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, ऊंचे इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है।