हिसार: संयुक्त राष्ट्र संघ के सिद्धांत को अपने जीवन में अपनाएं विद्यार्थी : प्रो. नरसी राम बिश्नोई
हिसार, 14 नवंबर । गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के खेल निदेशालय के सौजन्य से विश्वविद्यालय के महाराणा प्रताप खेल स्टेडियम में इंटर-कॉलेज
क्रिकेट खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समापन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति
प्रो. नरसी राम बिश्नोई मुख्य अतिथि रहे। हरियाणा के पहले रणजी ट्रॉफी प्लेयर जीआर
गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता खेल निदेशालय के अधिष्ठाता प्रो.
आशीष अग्रवाल ने की।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने शुक्रवार काे अपने संबोधन में कहा कि गुजविप्रौवि विद्यार्थियों
को खेलों के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों
के लिए खेल गतिविधियों में अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान
किया कि वे संयुक्त राष्ट्र संघ के सतत विकास के सिद्धांत को अपने जीवन में अपनाएं।
अपने घरों के गीले तथा सूखे कचरे को अलग-अलग करके उसका नियमानुसार निस्तारण करने में
सहयोग करें। उन्होंने बताया कि गुजविप्रौवि
इस दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा वे विश्वविद्यालय परिसर
का दौरा करके इस बारे में और अधिक जानकारी ले सकते हैं।
खेल निदेशालय के अधिष्ठाता प्रो. आशीष अग्रवाल ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता
में यूटीडी ने पहला, दयानंद महाविद्यालय हिसार ने दूसरा तथा जीजीजे राजकीय महाविद्यालय
हिसार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दयानंद महाविद्यालय की टीम ने 90 रनों का लक्ष्य
दिया था। यूटीडी ने 15 ओवर में इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। इस अवसर पर खेल निदेशक
डा. एसबी लूथरा, ओपी भादू व गंगादत्त यादव व अन्य कोच उपस्थित रहे।









