211 जोड़ों ने लिए सात फेरे, गूंजी शहनाई

मीरजापुर, 3 नवंबर । सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सोमवार को एक अनोखे मेगा इवेंट के रूप में बदल गई, जब राजकीय इंटर कॉलेज, महुवरिया का प्रांगण वर–वधुओं के गीत-संगीत, हंसी और मंगलध्वनि से गूंज उठा।

सामूहिक विवाह के साथ ही पूरा परिसर दुल्हन की तरह सजा था। मंच पर जयमाल की रस्में, पंडाल में शहनाई की धुन, और वर–वधुओं के चेहरे पर मुस्कान… सचमुच यह कार्यक्रम गरीबों की खुशियों का त्योहार बन गया।

कार्यक्रम में जिले के सीटी, कोन, मझवां, पहाड़ी ब्लॉक और नगरपालिका क्षेत्र के 211 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ, जिनमें 134 अनुसूचित जाति, 76 पिछड़ा वर्ग और 1 अल्पसंख्यक वर्ग के जोड़े शामिल रहे।

शादी के मंच पर दूल्हे–दुल्हनों को आशीर्वाद देने पहुंचे विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, और कई जनप्रतिनिधियों ने नवदम्पतियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में बताया गया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 1 लाख रुपये की सहायता राशि दी जा रही है, जिसमें 60,000 सीधे कन्या के बैंक खाते में जमा होंगे, 25,000 मूल्य की गृहस्थी सामग्री (बिछिया, पायल, वस्त्र, रसोई सामान आदि) और 15,000 रुपये आयोजन खर्च के रूप में निर्धारित हैं।

विधायकों ने कहा कि यह योजना सिर्फ विवाह नहीं, बल्कि गरीब परिवारों की खुशियों को नया जीवन देने का प्रयास है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संवेदनशील सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, समाज कल्याण उपनिदेशक, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।