खनिज संपदा से परिपूर्ण झारखंड को झामुमो-भाजपा ने बनाया गरीब : जयराम
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने कहा कि भाजपा और झामुमो दोनों साथ मिलकर झारखंड को बर्बाद किया है। जयराम ने कहा कि खनिज संपदा से परिपूर्ण धनी राज्य को गरीब बनाया है। इसलिए भाजपा और झामुमो को घाटशिला उपचुनाव में वोट मांगने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और झामुमो को जनता ने नकार दिया है। इसलिए धनबल के ताकत से जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने घाटशिला के लोगों से जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू को जीत दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि घाटशिला की जनता जनबल के सहयोग से धनबल को हराएंगे। झारखंड के नेताओं का जनता से डर खत्म हो गया है। लोकतंत्र में नेताओं का जनता से डर होना आवश्यक है। घाटशिला की जनता जब भाजपा झामुमो को वोट नहीं देगी तभी ऐसे दलों के नेताओं काे जनता से डर होगा। मौके पर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ घाटशिला प्रखंड के जगन्नाथपुर, हैंदलजूड़ी, आमडांगा , धमकबेड़ा, कालाझोर सहित कई गांवों का दौरा कर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।









