आगरा में 47 देशों के 126 न्यायाधीश और डेलीगेट्स करेंगे ताज का दीदार
सिटी मोंटेसरी स्कूल सोसायटी नई दिल्ली के तत्वाधान में 26 वें इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ चीफ जस्टिस ऑफ़ द वर्ल्ड का आयोजन 19 से 24 नवंबर तक दिल्ली और लखनऊ में हो रहा है। 47 देशों के मुख्य न्यायाधीश, न्यायविद और विशिष्ट अतिथि दिल्ली पहुंचने के बाद बृहस्पतिवार को ताजमहल का दीदार करने आगरा आएंगे। 126 लोगों के इस विशिष्ट डेलिगेशन की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, प्रोटोकॉल तथा आकस्मिक चिकित्सा हेतु निर्देशानुसार आगरा जिला प्रशासन द्वारा तैयारी की जा रही है।
बुधवार को न्यायाधीशों के इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के प्रथम सत्र को नई दिल्ली स्थित इण्डिया इंटरनेशनल सेन्टर में आयोजित किया जायेगा। 19 नवम्बर को विशिष्ट अतिथियों द्वारा दिल्ली में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद अगले दिन 20 नवम्बर को ये सभी गणमान्य अतिथि दिल्ली से चार बसों में सवार होकर आगरा ताजमहल देखने हेतु पहुंचेंगे।आगरा में ताजमहल की खूबसूरती का दीदार कर लखनऊ प्रस्थान कर जाएंगे जहाँ सी.एम.एस. राजाजीपुरम प्रथम कैम्पस के तत्वावधान में आयोजित स्वागत समारोह दूसरे सत्र के कार्यक्रमों में भाग लेंगे। डीसीपी सिटी आगरा सैयद अली अब्बास ने बताया कि डेलिगेशन के आगरा आगमन के संबंध में कार्यक्रम मिल चुका है, डेलिगेशन की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, एवं अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं के लिए तैयारियां पूर्ण कर दी गई है कुछ विषयों पर तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है।









