हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में ‘जेंडर सेंसिटाइजेशन इवेंट’ का आयोजन
हिसार, 1 नवंबर । गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
में यूजीसी पहल के अंतर्गत ‘जेंडर सेंसिटाइजेशन इवेंट’ का आयोजन जेंडर चैंपियन
कार्यक्रम के तहत किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में लैंगिक समानता, सम्मान
और संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करना था। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को यह समझाने
पर विशेष बल दिया गया कि जेंडर समानता केवल महिला सशक्तिकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि
इसमें पुरुषों और तीसरे लिंग के व्यक्तियों के प्रति भी समान दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक
है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विचार, अभिव्यक्ति और कला के माध्यम से जेंडर स्टीरियोटाइप्स
को तोड़ने और समान अवसरों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महिला
सेल की निदेशक प्रो. दीपा मंगला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। उन्होंने शनिवार काे समानता
के महत्व और समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर अपने प्रेरणादायक
विचार साझा किए।
यह कार्यक्रम जेंडर चैंपियन नोडल अधिकारी डॉ. मनीषा जांगड़ा के मार्गदर्शन में
संपन्न हुआ, जबकि डॉ. प्रियंका दलाल, डॉ. ऋतु बूरा और डॉ. अभिमन्यु नैन कार्यक्रम के
संयोजक रहे। कार्यक्रम में पोस्टर प्रस्तुति, भाषण, कविता पाठ, रोल प्ले, स्टैंडअप कॉमेडी,
गायन और नृत्य जैसी विविध गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रकट
किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि सृजनशीलता और
जागरूकता, सामाजिक परिवर्तन के प्रभावी उपकरण बन सकते हैं। इस आयोजन में जेंडर चैंपियंस
यशु, करुणा सिंह गोदारा, आदित्य और शिवांग तथा छात्र संयोजक दीपेंद्र, अरमान और राहुल
ने सक्रिय भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।









