मदद का झांसा देकर एटीएम कार्ड बदलने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, 50 हजार नकद व 5 एटीएम कार्ड बरामद
घटना 29 अक्टूबर 2025 की है। कोतवाली नगर क्षेत्र के सोहनलाल तिवारी अलीगंज स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसे निकाल रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक मदद के बहाने एटीएम के अंदर पहुंचे और हेराफेरी करते हुए उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। सोहनलाल को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। बाद में अभियुक्तों ने बदले हुए कार्ड का उपयोग कर उनके खाते से 99,500 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपी की पहचान करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान महताब हसन पुत्र महफूज हसन, निवासी ग्राम महुआर, थाना कोतवाली नगर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसके पास से घटना में चोरी किए गए 50 हजार रुपये और 5 एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह रविवार को बताया कि गिरोह के दूसरे सदस्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।









