स्थापना दिवस के बाद जिलाध्यक्षों की घोषणा करेगी राज्य कांग्रेस: माहरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा आज देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भाजपा की वोट चोरी को आम आदमी के सामने रखा है और उन्होंने प्रमाण सत्र यह सत्यापित किया है कि भाजपा वोट चोरी कर सरकार बनाती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी वोट चोरी हो रही है और इसको लेकर कांग्रेस गंभीर है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वोट चोरी रोकने का प्रशिक्षण देगी ताकि मतदाता का वोट चोरी न हो। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस को लेकर कहा कि भाजपा के 15 साल के कार्यकाल में नकल, महिला हिंसा, ग्रामीण विकास, उद्यान, कृषि समेत अन्य क्षेत्रों को बड़ा नुकसान हुआ है। राज्य में लगातार अराजकता बढ़ती जा रही है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पहाड़ बनाम मैदान को लेकर जो तीन दिन के विशेष सत्र में चला, वह निंदनीय है। 25 साल के युवा राज्य में यह बिल्कुल भी उचित नहीं है। कांग्रेस सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने में विश्वास करती है। उन्होंने हरीश रावत के गैरसैण को लेकर दिए गए बयान और तिलक राज बेहड़ के विधानसभा में दिए गए बयान को लेकर उन्होंने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है। उन्होंने मीडिया को बताया कि 8 नवंबर को कांग्रेेस मुख्यालय पर एक प्रदर्शनी आयोजित करने जा रही है। प्रदर्शनी में उत्तराखंड की 25 सालों की यात्रा को पोस्टर व चित्रों के माध्यम से दिखाया जाएगा, जिसमें समाचार पत्रों की कतरनें भी शामिल की गई है। इसके अलावा 9 नवबंर को राज्य स्थापना दिवस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदेशभर के जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए सभी को जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। एक सवाल के जवाब में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 9 नवंबर को बाद कांग्रेस जिलाध्यक्षों की भी घोषणा कर देगी।
इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश संगठन मंत्री सूर्यकांत धस्माना ने राज्य स्थापना के 25 सालों में कांग्रेस बनाम भाजपा के विकास कार्यों की तुलना की। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में हर क्षेत्र में घटौती हुई है। भाजपा ने विकास के बयान भाषणों व आम नागरिकों को आपस में लड़ाने का कार्य किया है।









