डेढ़ साल से जमा गंदे पानी के निकास के लिए क्या कर रहा है प्रशासन-हाईकोर्ट

याचिका में अधिवक्ता विजय पाठक व विनोद सिंघल ने बताया कि याचिकाकर्ता हिंडौन के मंडावरा रोड के निवासी हैं। यहां मुख्य रोड पर करीब डेढ़ साल से सीवरेज व वर्षा सहित घरों के गंदे पानी का जमावड़ा हो रहा है। इस रोड से 25 कॉलोनियों और कई गांव के लिए रास्ते जाते हैं। इन रास्तों पर रोजाना हजारों वाहन व पैदल यात्री निकलते हैं। आए दिन गंदे पानी में लोग गिर जाते हैं। गंदे पानी की निकासी के लिए कोई नाली भी नहीं है। इस बारे में स्थानीय जिला प्रशासन व नगर परिषद को कई बार प्रतिवेदन दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए गंदे पानी की निकासी के लिए कोई ठोस कार्रवाई की जाए। जिस पर सुनवाई करते हुए एकलपीठ ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए शपथ पत्र पेश कर आगामी कार्य योजना पेश करने को कहा है।