जालौन में नकली खाद फैक्टरी का भंडाफोड़,पकड़े गए लाेगाें से पूछताछ जारी
कृषि अधिकारी गौरव यादव ने मंगलवार काे बताया कि एट काेतवाली के पिरोना पुलिस चौकी के पीछे अवैध रूप से नकली खाद तैयार करने वालीएक फैक्टरी संचालन की सूचना मिल रही थी। इस जानकारी पर जिलाधिकारी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम और पिरोना पुलिस ने बीती रात मंगलवार काे उक्त स्थान पर छापेमारी की कार्यवाही की। इस दाैरान टीम ने मौके से 180 बोरी नकली डीएपी खाद, 100 टैग, एक मशीन और एक जनरेटर बरामद किया। यह पूरी खेप बाजार में बेचने की तैयारी में थी। छापेमारी के दौरान टीम को मौके पर मजदूर बोरियों में खाद भरते हुए मिले। प्रशासन ने बाजार में पहुंचने से पहले ही इस बड़ी खेप को जब्त कर लिया। बरामद खाद के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ जारी है।
उधर, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नकली खाद तैयार करने और बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









