महिला सिपाही की सूझबूझ से पकड़ा आरोपित

उत्तर-पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बुधवार को बताया कि दो अप्रैल को मिशिका (18) नामक युवती ने बदसलूकी और अपने अंकल प्रदीप पर गोली चलाने की कॉल की थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पीड़िता ने बताया कि साहिल उर्फ चिकना, दिनेश उर्फ नंगा, कृष्णा झा और राहुल उर्फ मताद नामक बदमाशों ने उसके अंकल की जमकर पिटाई की। आरोपितों ने उसके साथ भी गाली-गलौज की। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपितों ने धक्का-मुक्की कर उसे गिरा दिया। एक आरोपित ने उस पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया। बाद में दिनेश नामक आरोपित ने पिस्टल निकालकर उसके अंकल प्रदीप पर गोली चला दी, लेकिन किसी तरह वह बच गए और भागने में कामयाब हो गए।

पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इस बीच पुलिस ने बाकी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन राहुल पुलिस को चकमा देता रहा। अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी कर दिया।

इस बीच स्पेशल स्टाफ की सिपाही कोमल ने सोशल मीडिया पर आरोपित को ढूंढा। बाद में आरोपित से दोस्ती कर उसकी लोकेशन का पता किया गया। स्पेशल स्टाफ की टीम ने आरोपित को वजीरपुर इलाके से दबोचा।