सामाजिक संस्था ने 12 विद्यालयों में लगवाई 50 महान विभूतियों की तस्वीरें

वाराणसी, 16 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में स्वतंत्रता समर के महानायकों और तत्कालीन समाज सुधारकों से बच्चों को परिचित कराने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट ने “हमारे आदर्श” श्रृंखला अभियान शुरू किया है। इस अभियान में संस्था ने जिले के ग्रामीण अंचल चौबेपुर क्षेत्र के 9 विद्यालयों एवं नगरीय क्षेत्र के 3 विद्यालयों की कक्षाओं में 50 महानायकों के चित्रों के पोस्टर लगाए हैं । इसमें प्राथमिक विद्यालय दुर्गवा, कुर्सियां, भगवानपुर, टेकुरी, सरैया, दुबान बस्ती सहित सुभाष इंटर कॉलेज चौबेपुर, लक्ष्मी शंकर इंटर कॉलेज राजवारी, पश्चिम वाहिनी कन्या इंटर कॉलेज सोनबरसा, केन्द्रीय विद्यालय बीएचयू, भारतीय निकेतन विद्यालय ईश्वरगंगी आदि शामिल हैं। गुरूवार को संस्था के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने बताया कि इससे बच्चों को आजादी के महानायकों और उस समय के समाज सुधारकों के बारे जानने के प्रति रूचि बढ़ेगी। चित्रों पर नाम, जन्मतिथि और पुण्यतिथि अंकित की गयी है। इससे अध्यापक कक्षा में बच्चों को महापुरुषों के बारे में अवगत कराएंगे। इन विद्यालयों के शिक्षकों ने संस्था के प्रयासों की सराहना की। पांडेय के अनुसार इस अभियान में प्रदीप सिंह, अमर बहादुर यादव, धनंजय त्रिपाठी, रवि सिंह, दीपक यादव, संजय सिंह, डॉ. इंदु पाण्डेय सहित विद्यालय के शिक्षकों का भी सहयोग मिल रहा है।