धमतरी के रुद्री निवासी सर्प मित्र सूर्यकांत को मिली सांप पकड़ने की किट
ग्राम पंचायत रुद्री के निवासी सूर्यकांत साहू को सांप पकड़ने में विशेषज्ञता हासिल है। वे विगत कई वर्षों से धमतरी शहर सहित आसपास के गांवों के घरों और कार्यालयों में घुसे सांपों को पकड़कर जंगलों में छोड़ते हैं। इनका मानना है कि सांप भी प्रकृति का अभिन्न अंग है। इसलिए इन्हें पकड़कर सुरक्षित जंगलों में छोड़ते हैं। सर्प मित्र साहू सूचना मिलते ही तत्काल संबंधित स्थल में सांप पकड़ने पहुंच जाते हैं। उन्हें इस कार्य के लिए प्रोत्साहित करने निगम के महापौर रामू रोहरा की पहल पर सांप पकड़ने उपयोगी किट प्रदान किया गया।
महापौर रोहरा ने कहा कि जंगलों और शहरी क्षेत्रों में बढ़ती सांपों की गतिविधियों से लोगों की सुरक्षा के लिए सांप विशेषज्ञ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे विशेषज्ञों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना समाज के हित में सराहनीय कार्य है। इस अवसर पर शहर मंडल अध्यक्ष पवन गजपाल, नगर निगम स्पीकर कौशल्या देवांगन, निगम आयुक्त प्रिया गोयल एवं उपायुक्त पी सी सार्वा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।









