बलरामपुर : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार

पु़लिस से मिली जानकारी के अनुसार, शंकरगढ़ क्षेत्र की एक युवती ने 28 अक्टूबर को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसके रिश्ते के मामा ने चंदरेली (थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर) निवासी अजय रवि नाम के युवक से उसका रिश्ता तय कराया था। आरोपित 3 नवंबर 2024 को पीड़िता के घर आया और शादी का वादा करते हुए उसके साथ संबंध बनाने लगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपित करीब छह से सात माह तक युवती के घर में रहा और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती भी हो गई। कुछ महीने बाद आरोपित ने शादी करने से इंकार कर दिया और घर से फरार हो गया। पीड़िता के बार-बार आग्रह करने पर आरोपित ने गर्भ में पल रहे बच्चे को अपना मानने से भी इनकार कर दिया और किसी अन्य युवती से विवाह कर लिया।

पीड़िता की शिकायत पर थाना शंकरगढ़ पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपित के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित अजय रवि (28 वर्ष) पिता हीरासाय निवासी ग्राम चंदरेली, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर को 29 अक्टूबर को विधिवत गिरफ्तार कर आज गुरूवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।