पलवल: अनाज मंडी, सीएचसी व राजकीय विद्यालय को मिलें सुविधाएं: उपायुक्त
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि बरसात से किसानों की फसल को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ है तथा अनाज मंडी में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है।
उन्होंने मंडी में गेट पास जारी करने की व्यवस्था की जांच करते हुए कहा कि किसानों को बिना किसी विलंब के गेट पास जारी किए जाएं। किसानों को गेट पास प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद के साथ ही फसल का उठान भी हाथों-हाथ सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही निर्धारित समयावधि में किसान को उसके खाते में फसल का भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने बारदाना व फसल उठान के लिए ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था आदि का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, नगराधीश अप्रतिम सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पलवल के उपनिदेशक डॉ. बाबूलाल, सिविल सर्जन डा. सतेंद्र वशिष्ठ सहित मार्केट कमेटी तथा खरीद एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।









