नगर निगम मुरादाबाद ने छठ पूजा के लिए महानगर में दो घाट पूर्वांचल वासियों को किया समर्पित

मुरादाबाद, 30 सितम्बर । नगर निगम ने छठ पूजा के लिए महानगर में दो घाट मंगलवार को पूर्वांचल वासियों को समर्पित कर दिए। पूर्वांचल के लोगों को छठ पूजा करने हेतु मुरादाबाद महानगर में कोई घाट नहीं था, जिसकी पूर्वांचल वासी लंबे समय से मांग कर रहे थे। इसको लेकर बीते माह में नगर विधायक रितेश गुप्ता ने मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह से मिले थे और उन्हें पत्र सौंप कर छठ पूजा हेतु घाट बनवाने की मांग की थी।

मंगलवार को पूर्वांचल वासी संस्था के पदाधिकारी व लोग नगर विधायक रितेश गुप्ता के नेतृत्व में नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल से उनके कार्यालय में मिले। इसके बाद नगर आयुक्त ने छठ पूजा हेतु मुरादाबाद महानगर में दो घाट पूर्वांचल वासियों को लिखित रूप से समर्पित कर दिए। जिसके लिए सभी लोगों ने नगर विधायक रितेश गुप्ता के साथ नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल का आभार जताया। इसमें पहला घाट दिल्ली रोड स्थित सम्राट अशोक नगर में लोकोशेड पर अमृत सरोवर अस्थाई घाट के रूप में मिला है। दूसरा स्थाई घाट लाइनपार में आदर्श नगर ढक्का के समीप है।

नगर विधायक रितेश गुप्ता ने कहा की पूर्वांचल वासियों की छठ पूजा हेतु घाट की मांग काफी समय से चली आ रही थी। नगर निगम ने छठ पूजा हेतु घाट उपलब्ध कराकर बहुत ही सराहनीय व अनुकरणीय कार्य किया है। यह उनके दूरदर्शी नेतृत्व एवं सामाजिक संवेदनशीलता का प्रतीक है।

आज नगर विधायक रितेश गुप्ता के साथ अमित दुबे, परिमल कुमार, अंकित सिंह, डीबी सिंह, अभिनव शर्मा मोनू पंडित, धर्मेश सैनी, विशाल सिंह गोलू, शैलेंद्र सैनी, तुषार, गजेंद्र सिंह, प्रशांत सागर, नगर विधायक के मीडिया प्रभारी विपिन गुप्ता आदि मौजूद रहे।