हत्या का खुलासा, तीन गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में बुटी मोड़ शिवाजी नगर निवासी जयपाल सिंह, पुत्र धीरज कुमार सिंह और करण कुमार सिंह शामिल है। इनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, मृतका का सिम, तीन मोबाईल फोन बरामद किया गया है।
सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में रविवार को बताया कि 29 सितंबर को एक युवती का शव बरामद किया था। मामले की जांच को लेकर एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने हत्याकांड में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में यह पता चला है कि युवती की हत्या 80 हजार रुपये के बकाये को लेकर की गई थी।
सिटी एसपी ने बताया कि हत्याकांड की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने तकनीकी शाखा और एफएसएल टीम के सहयोग से यह पता लगाया कि मृत युवकी का नाम तनुश्री है और वह ओरमांझी थाना क्षेत्र के श्रवण नायक की पुत्री थी।
गिरफ्तार आरोपितों ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। एसपी ने बताया कि घटना के मुख्य आरोपित जयपाल सिंह पर मृतका तनुश्री का 80 हजार रुपया बकाया था। वह इस राशि को लौटाना नहीं चाहता था। जब तनुश्री ने पैसे के लिए दवाब बनाया तो जयपाल सिंह ने उसे पीएचईडी पहाड़ पर बुलाया।
जब तनुश्री पहाड़ पर पहुंची तो जयपाल सिंह और उसके दोनों पुत्र ने उसके मोबाइल से फोन पे के जरिये और 50 हजार रुपये ले लिया। इसके साथ ही निर्ममता से उसकी हत्या कर दी। आरोपित जयपाल सिंह लोहरदगा का रहने वाला है। पुलिस ने घटना में शामिल उसके दोनों पुत्र धीरज कुमार सिंह और करण कुमार सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है।









