अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत, पुलिस शिनाख्त में जुटी

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। सूचना पाकर अजीतमल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। वहीं, घटनास्थल के आस-पास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके और उसके परिजनों को सूचित किया जा सके।

कोतवाली प्रभारी ललतेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव के पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान स्थापित नहीं हो सकी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।