सिरसा: हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह से हो चुकी है ठप: सैलजा

पत्रकारों से बातचीत करते हुए सैलजा ने कहा कि पिछले 11 साल से प्रदेश में भाजपा की सरकार है, इसके राज को शासन नहीं कुशासन ही कहा जा सकता है क्योंकि विकास के नाम पर कुछ हुआ नहीं, प्रदेश में बेरोजगारी, अपराध तेजी से बढ़ रहे है। कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। पुलिस की नाक के नीचे नशा बिक रहा है, युवा और खासकर छात्र इसकी गिरफ्त में आ चुके है, युवा बर्बाद हो रहा है देश का भविष्य बर्बाद हो रहा है। नशे पर अंकुश लगाने में सरकार नाकाम रही है। सिरसा में जब लोगों ने नशा को लेकर आवाज उठाई तो रातो-रात सिरसा एसपी को बदल दिया गया।

सैलजा ने बिहार में एसआईआर को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि बिहार में इसकी टाइमिंग को लेकर सवाल उठ रहे थे क्योंकि बिहार में चुनाव होने वाले थे, कुमारी सैलजा ने कहा कि चुनाव आयोग को पक्षपात नहीं करना चाहिए उसे निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए अगर वह ऐसा करता है तो उसकी भूमिका पर सवाल भी नहीं उठेंगे। अमेरिका द्वारा हरियाणा के युवाओं को डिपोर्ट किए जाने के सवाल पर सैलजा ने कहा कि इस समस्या का मूल कारण है बेरोजगारी क्योंकि हरियाणा में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है ऐसे में युवा अपनी जमीन और मकान बेचकर या गिरवी रखकर डंकी रूट से अमेरिका जा रहे है। सरकार को सबसे पहले ऐसी एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए जो युवाओं को गुमराह कर डंकी रूट से विदेश भेज रहे हैं और वहां की सरकारें उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार कर रही है।