खेल मंत्री ने खेल परिसर की रखी आधारशिला, जल शक्ति मंडल कार्यालय का किया लोकार्पण
शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात सोल बनहेहड़ पंचायत के झुंगा देवी में आयोजित जनसभा में मंत्री ने कहा कि जयसिंहपुर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिता में शामिल है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में खेल परिसर बनकर तैयार होगा जिससे स्थानीय युवाओं को खेलों की ओर आकर्षण पैदा होगा और युवा नशे से भी दूर रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि खेल परिसर के निर्माण में अतिरिक्त राशि का वहन भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने उपस्थित जनसमूह को आश्वासन दिया कि सोल बनेहड़ में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ही राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल बनकर तैयार हो जाएगी और इसके लिए 1.50 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए तत्पर है और इसी कड़ी में 50 लाख की लागत से सकोह में भी खेल मैदान का निर्माण किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि हाल ही में सरकारी बहुतकनीकि संस्थान तलवाड़ में 1.60 करोड़ के विभिन्न कार्य संपन्न हुए हैं। उन्होंने सभी पंचायतों के समान विकास पर भी बल दिया और कहा कि जल्द ही जयसिंहपुर की सभी पंचायतों का क्रमवार दौरा भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।









