ट्रोमा सेंटर अग्निकांड, कफ सिरप और मृत बालक की आंख निकालने को लेकर मानवाधिकार आयोग ने लिया प्रसंज्ञान
आयोग ने कहा कि पहले भी एसएमएस अस्पताल में प्लास्टर गिरने से मरीजों के घायल होने सहित अन्य मुद्दों पर आयोग ने आदेश दिए थे, लेकिन फिर भी एसएमएस अस्पताल में इन घटनाओं की पुनरावृत्ति हो रही है। ट्रोमा सेंटर में अग्निकांड हादसा मानवता को झकझोर करने वाली घटना है। वहीं मृत बालक की आंख निकालने और बालकों को अमानक खांसी सिरप देना भी गंभीर है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि अस्पताल में अग्निशमन सेफ्टी सिस्टम ही सुचारू नहीं था और इस कारण ही अस्पताल में इतना बड़ा हादसा हुआ। यह सभी घटना दर्दनाक व मानवीय संवेदनाओं को झकझोर करने वाली हैं और बताती हैं कि अस्पताल प्रशासन मरीजों व उनके परिजनों के प्रति उदासीन है। इस मामले में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सीएम के स्तर पर सख्त कार्रवाई की गई और अस्पताल अधीक्षक को बदला गया। इसलिए अस्पताल प्रशासन सुरक्षा मापदंडों का पुन: निरीक्षण करे, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो।









