पारिवारिक कलह के चलते दंपति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

ग्राम बमुरिया में रहने वाले बाबू राम गौतम (38) ने दो शादियां की थी। उसने पहली शादी साल 2009 में ननकी नाम की महिला के साथ किया था। उससे दो बच्चे भी हैं। लेकिन शादी के करीब नौ साल बाद ननकी बच्चों को छोड़कर चली गयी थी। इसके बाद बाबू राम ने साल 2018 में महराजपुर के सरसौल में रहने वाली शांति (40) से दूसरी शादी कर ली। दोनों के तीन बच्चे (अंकुश, अर्पित और नित्या) हुए।

परिजनों ने आरोप है कि शांति किसी और लड़के से बात करती थी। एक दिन पति बाबू राम ने उसे फोन पर बात करते हुए सुन लिया था। फिर दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद होने लगा। बच्चों ने बताया कि रविवार की रात भी किसी बात को लेकर पति और पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ। इसके बाद सभी लोग खाना खाकर सोने चले गए। जब सोमवार सुबह सभी लोग सोकर जागे तो पाया कि शांति का शव जमीन पर और बाबू राम का शव छत पर लगी बल्ली से दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटक रहा है।

सहायक पुलिस आयुक्त चकेरी अभिषेक कुमार पाण्डेय ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल का जायजा लेते हुए मृतका का मोबाइल भी कब्जे में ले लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।