कांग्रेस जिलाध्यक्ष भाजपा के स्लीपर सेल: पप्पू पासवान
धनबाद के बरवाअड्डा स्थित अपना ढाबा में जिला के तमाम कांग्रेसी प्रखंड अध्यक्षों का आज जुटान हुआ। जिसमें धनबाद प्रखंड अध्यक्ष पप्पू पासवान, टुंडी के कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद मोदक, ग्यारकुण्ड के जियाउल हुसैन, कलियासुल के आरिफ आलम, निरसा के डीएन यादव, तोपचांची प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार, अनुसूचित जाति के जिला अध्यक्ष राजू दास सहित अन्य प्रखंडों से आए कांग्रेस के अध्यक्ष एवं नेता शामिल थे। इन सभी ने एक स्वर में कांग्रेस पार्टी की ओर से धनबाद जिला अध्यक्ष के लिए संतोष सिंह को पुनः चुने जाने पर आपत्ति जताते हुए जमकर विरोध किया।
उन्होंने बताया कि संतोष सिंह भाजपा के ही कार्यकर्ता है, बस उन्होंने कांग्रेस का लिबास ओढ़ रखा है। वो कांग्रेस में रहकर भाजपा के स्लीपर सेल के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि वही है जिन्होंने झरिया में कांग्रेस प्रत्याशी पूर्णिमा नीरज सिंह और बाघमारा में जलेश्वर महतो को हरवाने का काम किया।
उन्होंने जिला अध्यक्ष के चुनाव के लिए पिछले दिनों धनबाद आए पर्यवेक्षकों पर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब पूर्व के जिला अध्यक्ष को ही ऊपर से लाकर हमलोगों के सिर पर बैठाना था तो धनबाद के तमाम कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से इतनी रायसुमारी क्यों कि गई। उन्होंने बताया कि यहां ओबीसी की आबादी ज्यादा है, उस लिहाज से यहां का जिलाध्यक्ष भी ओबीसी से ही होना चाहिए था, पूर्व के दिनों में आए पर्यवेक्षकों द्वारा हमे इस बात का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन पुनः धनबाद के कांग्रेस जिलाध्यक्ष के रूप में भाजपा के स्लीपर सेल को ही बैठा दिया गया।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस आलाकमान को कोई यहां का गलत फीडबैक दे रहा है। इसलिए सभी ने यह निर्णय लिया है कि धनबाद कांग्रेस के सभी पदाधिकारी गण कांग्रेस आलाकमान से मिलकर यहां की सही स्थिति से उन्हें अवगत कराएंगे।









