बलरामपुर : सीमाई चेकपोस्ट पर रिश्वत का खेल, गार्ड का वीडियो वायरल, विभाग में हड़कंप

वायरल वीडियो में दिख रहे गार्ड की पहचान रुस्तम भारती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रुस्तम भारती को एक प्लेसमेंट कंपनी के माध्यम से बलंगी पुलिस चौकी के अंतर्गत तैनात किया गया था। वीडियो में आरोपित गार्ड द्वारा नकद लेता हुआ दृश्य सामने आने के बाद स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

बलंगी बैरियर उस क्षेत्र में महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्यप्रदेश से लगने वाली सीमाओं के पास स्थित है। वे मार्ग जहाँ से अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी होने की आशंका रहती है। इन्हीं कारणों से आबकारी विभाग ने रामानुजगंज, धनवार व बलंगी पर विशेष चेकपोस्ट स्थापित किए हैं, जिनका उद्देश्य अवैध सामग्री की तस्करी रोकना है।

इस मामले काे लेकर आज गुरूवार काे जब आबकारी विभाग के अधिकारी से संपर्क करने की काेशिश की गई ताे उन्हाेंने फाेन नहीं उठाया।

उल्लेखनीय है कि, बलंगी बैरियर पर वायरल हुआ यह वीडियो सिर्फ एक गार्ड की गलती नहीं, बल्कि उस पूरे तंत्र की लापरवाही का आईना है जिस पर सीमाई सुरक्षा और अवैध तस्करी रोकने की जिम्मेदारी है। यदि ऐसे मामलों पर तुरंत और कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो यह चेकपोस्ट भ्रष्टाचार के अड्डे बनकर रह जाएंगे और तस्करी पर रोक लगाने का उद्देश्य पूरी तरह विफल हो जाएगा। अब जिम्मेदारी प्रशासन और विभाग की है कि वह इस कलंक को मिटाकर व्यवस्था में पारदर्शिता और जनता का भरोसा बहाल करे।