बलिया : पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो हत्यारोपित गिरफ्तार
28 सितम्बर को गड़वार थाना क्षेत्र के त्रिकालपुर में टेन्ट हाउस संचालक एजाजुल हक को उसकी दुकान के अन्दर घुसकर लात घूसों, चाकू और लाठी डन्डों से मारपीट कर अधमरा कर दिया गया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि राघवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ घूरन सिंह व अंगद कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। एजाजुल हक की हत्या में वांछित राघवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धूरन सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
एएसपी कृपाशंकर ने रविवार सुबह बताया कि शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे गड़वार पुलिस क्षेत्र के रामपुर असली मोड़ पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर आ रहे तीन व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया। लेकिन मोटरसाइकिल सवारों ने बिना रुके पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने उनका पीछा किया। रामपुर असली को जाने वाली सड़क की बांयी पटरी पर उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। जवाबी कार्रवाई में राघवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धूरन सिंह पुत्र लालबाबू सिंह निवासी त्रिकालपुर थाना गड़वार के दाहिने पैर में गोली लगी तथा अंगद कुमार पुत्र रंगबहादुर राम निवासी भीखमपुर थाना फेफना के बांये पैर में गोली लगी। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल सवार एक अन्य बदमाश निरंजन सिंह पुत्र शम्भू सिंह निवासी त्रिकालपुर थाना गड़वार मौके से मोटरसाइकिल लेकर भाग निकला। घायल बदमाश राघवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ घूरन सिंह व अंगद कुमार का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचे बरामद हुए हैं।









