सिरसा में किसानों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जताया रोष

सिंचाई विभाग द्वारा कुछ समय पूर्व चोरी छिपे टेल तक पानी पहुंचाने का हवाला देकर चोरी-छिपे रातों रात फोर्स लाकर मोघों का साइज अपने स्तर पर छोटा कर दिया, जबकि इस संबंधी किसी किसान को कोई नोटिस नहीं दिया गया।

किसानों ने इस संबंध में जब अधिकारियों से बातचीत की तो उन्होंने पुरानी मशीनों के खराब होने व टेल तक पानी पहुंचाने का रोना रोकर अपना पल्ला झाड़ लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से किसानों ने अब स्वयं ही डिस्ट्रीब्यूटरी पर बनाए गए मोघों के आगे दीवार निकाल दी और विभागीय अधिकारियों से कहा कि उन्हें पानी नहीं चाहिए, आप टेल तक पानी ले जाएं। धरनारत लोगों ने कहा कि वर्तमान सरकार में अफसरशाही इतनी हावी है कि बिना किसी सूचना के कार्य कर आम जनता को प्रताडि़त किया जा रहा है। सरकार की लचर कार्यप्रणाली से अधिकारियों के हौंसले बुलंद हैं। किसानों ने कहा कि जब तक उनके मोघों का साइज पुराना नहीं दिया जाता, वे अपना संघर्ष जारी रखेंगे।