प्रदेश में सक्रिय होगा नया पश्चिम विक्षोभ, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में तीन दिन बारिश संभव

मौसम विभाग के अनुसार सीकर का न्यूनतम तापमान 13, दौसा का 13.7, नागौर का 14.4 और लूणकरणसर का 14.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में अरब सागर की खाड़ी में एक अवदाब तथा दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत में 26-27 अक्टूबर से सक्रिय होने की संभावना है। इस तंत्र के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में 26 से 28 अक्टूबर के दौरान मेघगर्जन के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। तंत्र का सर्वाधिक असर दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में 27-28 अक्टूबर को रहने व कहीं-कहीं आकाशीय बिजली व मेघगर्जन के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम आगामी दिनों में शुष्क रहने व तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। 37.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 21.8 डिग्री के साथ प्रतापगढ़ की रात सबसे गर्म रही। राज्य में हवा में आद्र्रता की औसत मात्रा न्यूनतम 34 तथा अधिकतम 94 प्रतिशत दर्ज की गई।

जयपुर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे सर्दी में इजाफा देखने को मिला है। जयपुर के दिन और रात के तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं जयपुर के आस-पास ग्रामीण इलाकों में सुबह हल्का कोहरा नजर आया। जयपुर का अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया।