लाशों के सौदे का वीडियो वायरल, बरेली का सिपाही सस्पेंड, जांच टीम गठित
वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आरोप है कि सिपाही ने अमर्यादित आचरण किया, जिससे विभाग की छवि धूमिल हुई। संवेदनशील प्रकरण को देखते हुए एसएसपी ने देर किए बिना उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी। इस समिति में एएसपी सिटी, सीओ एलआईयू और डिप्टी सीएमओ को शामिल किया गया है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि विभाग की गरिमा और जनता का विश्वास सबसे पहले है। जिस किसी ने भी ऐसी गतिविधियों में संलिप्तता दिखाई, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट शीघ्र सौंपी जाए।
उधर, आम लोगों में इस वीडियो को लेकर नाराजगी है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मी ही यदि ऐसे कामों में लिप्त पाए जाएं तो फिर व्यवस्था पर भरोसा कैसे किया जाए। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।









