अवैध बालू लदे ट्रैक्टर के पलटने से दो चौकीदार घायल

हंटरगंज सीओ रीतिक कुमार अपने गार्ड के साथ ट्रैक्टर को पकड़ने निकले थे। सीओ ने ट्रैक्टर को रोककर चालक से कागजात मांगा। लेकिन ट्रैक्टर चालक ने कोई भी कागजात नहीं दिया। इसके बाद सीओ ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। वहीं दो चौकीदार ट्रैक्टर पर बैठ गए और ट्रैक्टर को थाने ला रहे थे। इसी बीच ट्रैक्टर मालिक वहां पहुंचा और ट्रैक्टर चालक को ट्रैक्टर से उतार दिया और अपने से ट्रैक्टर चलाने लगा। ट्रैक्टर को भगाने के उद्देश्य से ट्रैक्टर मालिक ट्रैक्टर तेजी गति में चलाने लगा। इसी क्रम में इमलियाटाड़ बाजार के पास हाइड्रोलिक से ट्राली को उठा दिया जिससे ट्रैक्टर असंतुलित हो गया। ट्रैक्टर पर बैठे दोनों चौकीदार ट्रैक्टर से गिर गए। इसी बीच ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। इसकी चपेट में आने से चौकीदार योगेंद्र कुमार गंझू का पैर टूट गया, जबकि एक अन्य चौकीदार को मामूली चोट पहुंची है। घायल चौकीदार को चतरा सदर अस्पताल लाया गया। बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रेफर किया गया है। पुलिस आरोपित की तलाश में छापेमारी कर रही है।