निगम के 150 वार्डो की सीमा तय, जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन
वार्ड 135 सबसे बड़ा, वार्ड 31 सबसे छोटा
जयपुर नगर निगम के पुनर्गठन के बाद वार्डों का निर्धारण कर दिया गया है। जनसंख्या के लिहाज से वार्ड नंबर 135 सबसे बड़ा है, जहां कुल जनसंख्या 32,272 है। वहीं, 13,499 की जनसंख्या के साथ वार्ड नंबर 31 को सबसे छोटा वार्ड बनाया गया है। करीब 5 महीने पहले जब ड्राफ्ट प्लान तैयार किया गया था, तब वार्ड नंबर 19 को सबसे बड़ा वार्ड प्रस्तावित किया गया था, जिसकी जनसंख्या 37,711 रखी गई थी। वहीं, सबसे छोटा वार्ड नंबर 132 को बनाया गया था, जहां जनसंख्या 10,371 रखी गई थी। अब अंतिम रूप से वार्ड 135 सबसे बड़ा और वार्ड 31 सबसे छोटा होगा।
आरक्षित वार्डों का जल्द होगा निर्धारण
गजट नोटिफिकेशन के बाद अब जिला निर्वाचन शाखा की ओर से वार्डों का आरक्षण (एसटी, एससी वर्ग के लिए) निर्धारित किया जाएगा। ये निर्धारण वार्ड में मौजूद जनसंख्या के आधार पर किया जाएगा। जिन वार्डों में इन आरक्षित वर्ग की जनसंख्या ज्यादा होगी, उन्हें आरक्षित श्रेणी में रखा जाएगा। इसके बाद स्वायत्त शासन विभाग और जिला निर्वाचन शाखा की ओर से इन सभी वार्डों में से ओबीसी वर्ग और महिला वार्ड आरक्षण के लिए लॉटरी की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जयपुर हेरिटेज और ग्रेटर दोनों ही निगम का कार्यकाल इसी साल नवंबर में पूरा होगा। राज्य सरकार के वन स्टेट-वन इलेक्शन के तहत प्रदेश की सभी नगरीय निकायों में एक साथ चुनाव करवाने की योजना है। संभावना है कि अगले साल सभी नगरीय निकायों एक साथ चुनाव हो सकते हैं।









