शरद नवरात्रि और अग्रसेन जयंती पर डॉ. बिंदल ने की प्रदेश की खुशहाली की कामना
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक देवभूमि है, जहां देवी-देवताओं में अटूट आस्था है। नवरात्रि का पर्व शक्ति, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है, और यह सभी के जीवन में सुख, शांति और सफलता लाता है।
इसी अवसर पर नाहन में वैश्य समाज द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में अग्रसेन चौक पर हवन, पूजन और माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं डॉ. राजीव बिंदल ने की। उन्होंने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और हवन समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल वैश्य समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए आदर्श सामाजिक और आर्थिक दृष्टिकोण के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज को कृषि, बागवानी और वाणिज्य के क्षेत्र में नई दिशा दी। आज उनके आदर्शों को अपनाकर समाज लगातार प्रगति की ओर अग्रसर हो रहा है।









