बालाघाट: मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में काले झंडे ले जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
पुलिस काग्रेस कार्यकर्ताओं काे आगे बढ़ने नहीं दे रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मिलकर विरोध दर्ज कराने चाहते हैं। कांग्रेसियों के साथ बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद हैं। कांग्रेसियों का कहना है कि भाजपा की प्रदेश के अलावा केंद्र में भी सरकार है। इसके बाद भी किसानों व लाडली बहनों के साथ वादा खिलाफी की जा रही है। वारासिवनी विधायक विवेक पटेल ने कहा कि दु:ख की बात है कि मुख्यमंत्री से मिलने किसानों को रोका जा रहा है, जबकि हम शांति से मिलकर अपनी बात रखने वाले थे। दुर्भाग्य है कि भाजपा सरकार मौलिक अधिकारों को छीनकर आवाज दबाना चाहती है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजय उईके ने बताया कि सरकार हेक्टेयर पर बोनस नहीं, बल्कि किसानों से किए गए वादों को पूरा कर धान का का समर्थन मूल्य 3100 और गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपये करे। इसके अलावा, महिलाओं से किया गया वादा पूरा करें। अध्यक्ष ने बताया कि किसानों के साथ कांग्रेस, सीएम का विरोध करेगी। इसके लिए कांग्रेसी काला गमछा लेकर निकले हैं।
————–









