बलरामपुर : दस सूत्री मांगों को लेकर 15 दिनों से हड़ताल पर एनएचएम के कर्मचारी

एनएचएम कर्मी विनय यादव ने आज मंगलवार काे बताया कि, हमारी दस सूत्री मांगे जिनमें संविलियन एवं स्थायीकरण, पब्लिक हेल्थ केडर की स्थापना, ग्रेड पे निर्धारण, लंबित 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि, कार्य मूल्यांकन व्यवस्था में पारदर्शिता, नियमित भारती में सीटों का आरक्षण, अनुकम्पा नियुकी, मेडिकल एवं अन्य अवकाश की सुविधा, स्थानांतरण नीति, न्यूनतम 10 लाख तक कैशलैस चिकित्सा बीमा सुविधा है।

उन्होंने बताया कि, हमारी इन दस मांगों पर शासन स्तर से पहल नहीं किया गया है। जिसके कारण हमारा हड़ताल जारी है। जब तक इन मांगों पर शासन कोई संज्ञान नहीं लेती तब तक हमारा हड़ताल जारी रहेगा।

एनएचएम कर्मी के हड़ताल में जाने से स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरीके से चरमरा गई है। इधर, इस मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विरोध प्रदर्शन में शामिल हड़ताली कर्मचारियों को बर्खास्तगी की चेतावनी जारी करते हुए आज शाम तक काम पर लौटने को कहा है। इससे पहले कल सोमवार को एनएचएम संघ के अध्यक्ष दिलीप मिरी को ज्वाइंट हेल्थ डाइरेक्टर की तरफ से नोटिस जारी किया गया था। इस नोटिस में उन्हें 24 घंटे के भीतर कार्यस्थल पर लौटने के निर्देश दिए गए है।