झारखंड के कई जिलों में 24- 25 सितंबर को भारी वर्षा के आसार, येलो अलर्ट जारी
अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसकी वजह से झारखंड के कई जिलों के अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। मौसम ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के अलावा इन जिलों से सटे हुए मध्यवर्ती हिस्सों में भी भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इन जिलों में कुछ जगहों पर बादल गरजने और 30- 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश धनबाद जिले के पुटकी में 80.2 मिलीमीटर दर्ज की गई, जबकि रांची में 30 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 36.6 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 21 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।









