सांसद खेल महोत्सव युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना जगाने का एक महाअभियान: त्रिवेन्द्र

सांसद रावत ने कहा कि 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हरिद्वार से इस महोत्सव के पंजीकरण अभियान का शुभारंभ किया गया था। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता न होकर युवा शक्ति को दिशा देने और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प है।

21 सितम्बर से आयोजन न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय स्तर पर होगा। प्रतियोगिता में अंडर-17 और अबव 17़ कैटेगरी के महिला-पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। सांसद श्री रावत ने निर्देशित किया कि 20 सितम्बर तक जिला हरिद्वार के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय से न्यूनतम 10 प्रतिभागियों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

सांसद ने कहा कि युवा कल्याण, खेल विभाग, पंचायत विभाग, शिक्षा विभाग एवं मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय की सक्रिय और समन्वित भूमिका से ही इस आयोजन को भव्यता और सफलता मिलेगी। श्री रावत ने विशेष रूप से स्थानीय व लोकप्रिय खेलों जिसमें कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, पिठ्ठू, खो-खो, रस्साकशी, फुटबॉल आदि को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।

सांसद रावत ने कहा कि यह केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना जगाने का एक महाअभियान है। यह प्रयास आगामी ओलंपिक में भारत की गौरवपूर्ण भागीदारी का मार्ग प्रशस्त करेगा।

इस अवसर पर विधायक हरिद्वार मदन कौशिक, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ. मधु सिंह, मेयर हरिद्वार श्रीमती किरण जैसल, रुड़की मेयर सहित चारों महामंत्री, प्रदेश मंत्री श्यामवीर सैनी, परियोजना निदेशक डीआरडीए केएन तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरुंग आदि मौजूद रहे।