यूरिया खाद संकट पर भाजपा सांसद आदित्य साहू ने राज्य की झामुमो सरकार को जिम्मेदार ठहराया

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के मंत्री अपने विभागीय कार्यों की अनदेखी कर राजनीतिक बयानबाजी में ज्यादा रुचि लेते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति के लिए कृत संकल्पित है, लेकिन राज्य सरकार ने समय रहते आवश्यक तैयारियां नहीं कीं।

उन्होंने कहा कि अच्छी बारिश के चलते देशभर में यूरिया की मांग बढ़ी है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार आपूर्ति और उत्पादन पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके बावजूद राज्य सरकार ने किसानों की जरूरतों का पूर्वाभ्यास नहीं किया।

साहू ने कहा कि मांग बढ़ने पर कालाबाजारी और ऊंची कीमत की संभावना रहती है, जिसपर नियंत्रण रखना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य के मंत्री बताएं कि कितने पैक्स और दुकानों पर औचक निरीक्षण किए गए और कितनों पर कार्रवाई हुई।

भाजपा नेता ने कहा कि किसानों के प्रति राज्य सरकार पहले दिन से ही उदासीन रही है। धान की खरीद में भी केवल वादे किए गए और धरातल पर किसानों को औने पौने दाम पर अपनी उपज बेचनी पड़ी। उन्होंने हेमंत सरकार को किसान विरोधी करार दिया।